समाधान अभियान में बड़ी सफलता, पुलिस ने 417 गुम मोबाइल लौटाए

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने विशेष अभियान ‘समाधान’ के तहत 417 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 63 लाख रुपये बताई गई है।
बुधवार को कम्युनिटी हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने इसे नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना शासन की प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को उन्हें ट्रैक करने और बरामद करने में आसानी होती है। इससे अपराध पर नियंत्रण लगाने में भी मदद मिलती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होते ही तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि देर होने पर अपराधी फोन को दूसरे शहर या राज्य में भेज सकते हैं, जिससे बरामदगी मुश्किल हो जाती है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर भी जागरूक किया गया। साइबर थाना प्रभारी प्रणाली वैद्य ने बताया कि चोरी हुए मोबाइल का इस्तेमाल अक्सर ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और अवैध लेनदेन में किया जाता है। उन्होंने लोगों को अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने और संदिग्ध एप डाउनलोड न करने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल सिर्फ बलौदाबाजार जिले से ही नहीं, बल्कि जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर समेत महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों से भी खोजकर लाए गए हैं।
पिछले वर्ष भी पुलिस ने इसी तरह के अभियान में सैकड़ों मोबाइल बरामद किए थे। इस पहल से नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है और लोगों ने इस प्रयास की सराहना की है।










