राजेश खन्ना की ‘आराधना’ ने रचा था इतिहास, 100 दिनों तक हाउसफुल रहकर बनाया रिकॉर्ड

भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना की फिल्म ‘आराधना’ उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक मानी जाती है। साल 1969 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की, बल्कि राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।
‘आराधना’ वह फिल्म थी, जिससे राजेश खन्ना के लगातार 17 हिट फिल्मों के दौर की शुरुआत हुई थी। 1969 से 1972 तक उन्होंने एक के बाद एक सुपरहिट फिल्में दीं और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। इस फिल्म में उनके साथ दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर नजर आई थीं, जो सैफ अली खान की मां भी हैं।
बताया जाता है कि ‘आराधना’ पहली हिंदी फिल्मों में शामिल थी, जो लगातार 100 दिनों तक सिनेमाघरों में हाउसफुल चली। दर्शकों ने इस फिल्म को तीन महीने से भी ज्यादा समय तक बड़े पर्दे पर देखा और इसे भरपूर प्यार दिया।
फिल्म में राजेश खन्ना ने डबल रोल निभाया था। उन्होंने एक पायलट और उसके बेटे का किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, राजेश और शर्मिला टैगोर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’ जैसे सुपरहिट गाने ने फिल्म की लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। फिल्म का संगीत आर.डी. बर्मन ने तैयार किया था, जबकि निर्देशन और निर्माण की जिम्मेदारी शक्ति सामंत ने संभाली थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म को बनाने में करीब 58 लाख रुपये का बजट लगा था। वहीं, फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 17 करोड़ रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड कायम किया था, जो उस दौर में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी।
‘आराधना’ को आज भी राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जाता है। यह फिल्म न सिर्फ व्यावसायिक रूप से सफल रही, बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में भी एक मील का पत्थर साबित हुई।











