उत्तर प्रदेश: रेलवे ओवरब्रिज पर भीषण हादसा: बाइक की टक्कर से युवक 50 फ़ुट नीचे गिरा, हालत नाज़ुक

जसवंतनगर: नगर के रावण मार्केट क्षेत्र में कचौरा घाट जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज़ रफ्तार और लहराते हुए आ रही बाइक की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक लगभग 50 फ़ुट ऊँचे पुल से नीचे जा गिरा. उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रावण मार्केट निवासी साहिल पुत्र अजय कुमार (उम्र लगभग 18 वर्ष), जो किराये पर रहकर इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता है, अपने साथी तेजस पुत्र संजय पाल (उम्र लगभग 19 वर्ष), निवासी सिसहाट, हाल निवासी रावण मार्केट के साथ मोटरसाइकिल से भोगनीपुर गंग नहर पुल की ओर जा रहा था. जैसे ही दोनों रेलवे ओवरब्रिज पर पहुँचे, सामने से लहराते हुए आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल संतुलन खो बैठा और सीधे पुल से नीचे रेलवे लाइन किनारे बनी सड़क पर जा गिरा. वहीं तेजस पुल पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों की मदद से साहिल को तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं घायल तेजस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है और टक्कर मारने वाले बाइक सवार की तलाश की जा रही है.