यूपी में तहसील में रिश्वत लेते निजी कर्मचारी गिरफ्तार, शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

श्रावस्ती: यूपी में तहसील में तहसीलदार कार्यालय में कार्यरत निजी कर्मचारी को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. दाखिल खारिज के बदले मांगी गई थी रकम. बड़ौत नगर तहसील स्थित तहसीलदार कार्यालय में कार्यरत निजी कर्मचारी प्रमोद कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई उस समय की गई जब कर्मचारी शिकायतकर्ता से शेष रकम ले रहा था.
जीवाना गांव निवासी सोनू ने बताया कि उसने पिछोकरा गांव में करीब चार बीघा जमीन तीन साल पहले खरीदी थी. जमीन की दाखिल खारिज कराने के लिए वह लगातार तहसील के चक्कर काट रहा था, लेकिन काम नहीं हो रहा था. आरोप है कि इसी दौरान तहसीलदार कार्यालय में कार्यरत निजी कर्मचारी प्रमोद कुमार ने दाखिल खारिज कराने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की. पीड़ित पहले ही पांच हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष 10 हजार रुपये लेते समय एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को पकड़ लिया.
पीड़ित सोनू ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी. टीम ने पूरी योजना बनाकर आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ दबोच लिया. आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से कार्यालय में सक्रिय था और अन्य लोगों से भी अवैध वसूली की आशंका जताई जा रही है. एंटी करप्शन टीम अब इस पहलू की भी जांच कर रही है.











