बलरामपुर: 30 लाख के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई, वाड्रफनगर जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO गिरफ्तार

बलरामपुर/वाड्रफनगर: जनपद पंचायत वाड्रफनगर में शासकीय राशि के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रवण मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी पर करीब 30 लाख रुपये की शासकीय राशि की हेराफेरी का आरोप है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रवण मरकाम वर्ष 2013-14 में जनपद पंचायत वाड्रफनगर में CEO के पद पर पदस्थ थे. उस दौरान कुटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय राशि का गबन किए जाने की शिकायत सामने आई थी. मामले की जांच में आरोपी दोषी पाए जाने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.

बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे वाड्रफनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार किया. इस प्रकरण में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, यह मामला वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है. प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है और जांच के दौरान अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.











