औरंगाबाद: चोरों ने दो घरों से उड़ा दिए करोड़ों के जेवरात एवं नगद, मचा हड़कंप

औरंगाबाद: शहर के करमा रोड वार्ड नंबर- सात गली नंबर-चार स्थित संस्कार कॉलोनी में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के नगद सहित करोड़ों के जेवरात गायब कर दिए.
दरअसल, यह चोरी मुहल्ले के शंकर दयाल सिंह और उनके छोटे भाई के मकान में हुई है. वैसे शंकर दयाल सिंह का पैतृक गांव फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव में है. पता चला कि वे अपने चचेरे भाई की शादी में पूरे परिवार के साथ गांव गए हुए थे.
बुधवार को शंकर दयाल सिंह ने बताया कि देवरिया कला गांव में चचेरे भाई की शादी थी. पूरा परिवार शादी समारोह में गया हुआ था. नौ फरवरी को उनके चचेरे भाई की बारात लौटी थी और उसी रात चोरों ने दोनों घरों को निशाना बनाकर करोड़ों के जेवरात गायब कर दिए. उन्होंने बताया कि सोमवार की रात घर को सुनसान देख चोरों ने घटना को अंजाम दिया है.
उन्होंने बताया कि चोर पहले छोटे भाई के मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे. कमरे में घुसने के बाद चोरों ने सामान को इधर-उधर बिखेर दिया. जब छोटे भाई के कमरे में कुछ नहीं मिला तो वे घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा. ताला तोड़कर कमरे में घुसा. हालांकि एक कमरे में चोरों को कुछ नहीं मिला. जब दूसरे कमरे में घुसे तो दीवान पलंग को और बगल में रखें बक्से को तोड़ा. इसके बाद बक्से में रखे लगभग एक लाख 30 हजार नगद रुपए और सोने के आभूषण गायब कर दिए.
शंकर दयाल सिंह की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि उनकी गहने के साथ-साथ उनकी दो बहनों का भी गहना इन्हीं के घर रखा हुआ था. उनकी एक बहन बंटी सिंह पंजाब के जालंधर स्थित मानसा में रहती है तो दूसरी बहन सीमा बारुण प्रखंड के गोपी बिगहा गांव में रहती है. दोनों बहनों का घर सुरक्षित ना होने के कारण अपनी बहन बहन पिंकी के घर ही गहना को रख दिया था. चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया और चोरी की घटना को अंजाम दिया.
शंकर दयाल सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह पड़ोसियों द्वारा घटना की जानकारी दी गई. पड़ोसियों ने बताया कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है और जेवर के बैग बाहर बिखरे पड़े हैं. उसी जगह पर कुछ जेवर भी पड़े थे. सूचना पर पूरे परिवार के साथ पहुंचे तो देखा कि दरवाजा खुला है और अंदर के सभी सामान बिखरे पड़े हैं. अंदर जाकर गहनों और नगद रुपए की तलाशी ली तो सब कुछ खाली मिला. इसके बाद परिजन चीत्कार उठे. उन्होंने बताया कि चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर इधर-उधर फेंक दिया.
घटनास्थल से लोहे के रॉड भी बरामद किए गए हैं. दरवाजे के बाहर जेवर के बैग और कुछ जेवरात भी बखरे पड़े हुए मिले. इसके बाद घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई. सूचना पर नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की. हालांकि जिस जगह पर टूटा हुआ ताला, चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे की रॉड, जेवरात वाली बैग व जेवरात बरामद जगह को पुलिस ने घेराबंदी कर लिया है. पूरी मामले की गहनता से जांच पड़ताल की.
पिंकी देवी ने बताया कि जो भी गहने थे चोरों ने सभी को गायब कर दिए. घटना की सूचना पर भाजपा नेता रंजीत मेहता पहुंचे और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिजनों को न्याय की दिलाने की मांग की. वैसे शहर में इन दिनों चोरी की घटना आम हो गई है. चोर आसानी से चोरी कर फरार हो जा रहे हैं और पुलिस हाथ धरे बैठी रह रही है. अक्सर चोर सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. चोरी के बाद पुलिस की टीम आती है और जांच पड़ताल कर चली जाती है. ना तो कोई कार्रवाई होती है और नहीं कोई सुनवाई.
चोरों की गिरफ्तारी न होने से मनोबल बढ़ा हुआ है. वैसे चोरी की घटना से संबंधित शंकर दयाल सिंह ने नगर थाना में एक आवेदन भी दिया है. आवेदन में उल्लेख किया है कि 14 पीस सोने की अंगूठी, दो पीस सोने का कंगन, दो पीस गले के सोने की चेन, 6 पीस सोने की लॉकेट, एक पीस सोने की हर्ज़ पांच जोड़ा सोने के कान का टॉप, 3 पीस सोने का टीका, तीन पीस सोने की नथिया, दो जोड़ा सोने का झुमका, तीन जोड़ा सोने का कुंडल बाली, चार पीस सोने की नथुनी, आठ जोड़ा चांदी का पायल, 18 पीस चांदी का सिक्का, 23 पीस चांदी का बिछिया सहित एक लाख 30 हजार नगद रुपए गायब कर दिए. उन्होंने जिला पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए उचित न्याय की मांग की है.
नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि चोरी की घटना से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए हैं. पुलिस की टीम द्वारा घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल भी किया गया है. टूटे हुए ताले, लोहे की रॉड, बरामद जेवरात वाले जगह को घेराबंदी भी किया गया है. जांच पड़ताल के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. जल्द ही मामले में त्वरित कार्रवाई कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा.











