बहराइच: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बहराइच: यूपी के बहराइच जनपद के थाना रूपईडीहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सहजना के मौजा मनवरिया में बुधवार को एक युवक का शव गेहूँ के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बहराइच भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जमीन अली पुत्र रहीम (उम्र लगभग 38 वर्ष), निवासी मौजा मनवरिया, ग्राम पंचायत सहजना के रूप में हुई है. मृतक के परिजनों ने बताया कि जमीन अली सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान दोपहर करीब दो बजे गांव के दक्षिण दिशा में तालाब के पास स्थित गेहूँ के खेत में उसका शव पड़ा मिला.
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के पीठ के निचले हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि हाथ और पैरों पर रस्सी से बांधने के निशान भी देखे गए हैं, जिससे घटना को संदिग्ध माना जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी रूपईडीहा रमेश सिंह रावत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.











