अमेठी में दर्दनाक हादसा: पैदल जा रही महिला की तेज रफ्तार कार से मौत

अमेठी : संग्रामपुर थाना क्षेत्र के अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर सहजीपुर गांव के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. सहजीपुर निवासी 55 वर्षीय शिवकुमारी पत्नी स्वर्गीय राम मूरत यादव गांव में आयोजित भंडारे में पैदल जा रही थीं.
इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी तेज थी कि शिवकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी. हादसे में कार सवार 67 वर्षीय गुलफाम पुत्र मोहम्मद रफी निवासी अचलपुर कादीपुर, जनपद प्रतापगढ़ भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजय सिंह ने घायल को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
परिजनों के अनुसार मृतका का बेटा रोहित पाल एक दिन पहले ही रोजगार के लिए चंडीगढ़ गया था.घर पर उनकी बेटी पूजा ही मौजूद है.मां की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.