बिजली क्रांति की ओर बड़ा कदम: NTPC नबीनगर में यूनिट-4 का पहला कॉलम स्थापित

औरंगाबाद : एनटीपीसी नबीनगर के स्टेज 2 विस्तार परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में यूनिट 4 ब्वॉयलर के प्रथम कॉलम की स्थापना की गई. क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक पूर्वी क्षेत्र-1 के श्री विजय गोयल के कर कमलो के द्वारा प्रथम कॉलम की स्थापना संपन्न की गई. प्रथम कॉलम की स्थापना के उपरांत श्री गोयल ने एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख श्री एल के बेहरा के साथ स्टेज 2 निर्माण क्षेत्र का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने परियोजना निर्माण विभाग एवं एल एंड टी के अधिकारियों के साथ मिलकर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की. निर्धारित समय सीमा में इस महत्वपूर्ण चरण को पूरा करने के लिए उन्होंने सभी विभागों के समर्पण एवं लगन की सराहना की तथा परियोजना को सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण एवं संबंध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया.

गौरतलब है कि एनटीपीसी नबीनगर स्टेज 2 विस्तार परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 मई 2025 को वर्चुअल माध्यम से किया गया था जिसके बाद से निर्माण कार्य पूरी दक्षता और गति से चल रहा है. लगभग 29,900 करोड़ की लागत से बनाई जा रही यह परियोजना राज्य की ऊर्जा आपूर्ति और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
वर्तमान में एनटीपीसी नबीनगर की स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 1980 मेगावाट है जो 600 मेगावाट की तीन पूर्णत: क्रियाशील इकाइयों के माध्यम से संचालित हो रही है. स्टेज 2 विस्तार के अंतर्गत 800 मेगावाट की तीन नई इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है. यह इकाइयां तकनीकी दृष्टि से अत्याधुनिक होगी. क्योंकि इनमें अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक एवं एयर कूल्ड कंडेंसर प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है.
ये तकनीक जल उपयोग को न्यूनतम रखते हुए उच्च दक्षता सुनिश्चित करेगी.जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. यूनिट 4 बॉयलर के प्रथम कॉलम स्थापना समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थित रही. जिनमें परियोजना के महाप्रबंधक राकेश शर्मा, प्रचलन एवं अनुरक्षण के महाप्रबंधक अनिल कुमार, एडीएम एवं मेंटेनेंस के महाप्रबंधक एवं पाणिग्रही सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.