पंजाब से गुजरात जा रहा 2.10 करोड़ की अवैध शराब से भरा ट्रेलर जब्त, जयपुर का तस्कर गिरफ्तार

​डूंगरपुर: जिले के बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन स्वच्छता के तहत तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है. जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रेलर से भारी मात्रा में पंजाब और चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है. जब्त की गई 1861 कार्टन शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से जयपुर ग्रामीण निवासी एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.
​800 किमी का सफर और पुलिस की पैनी नजर
​यह कार्रवाई सटीक मुखबिरी और पुलिस की सतर्कता का परिणाम रही. पुलिस को सूचना मिली थी कि उदयपुर की ओर से एक टाटा ट्रेलर काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है. रतनपुर चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान जब इस ट्रेलर को रोका गया, तो चालक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गाड़ी में पीवीसी पाउडर भरा होने की बात कही. लेकिन पुलिस की गहन तलाशी में पाउडर के कट्टों के नीचे छिपाई गई विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर का जखीरा बरामद हुआ.
​ब्रांडेड शराब और बीयर का जखीरा बरामद
​ट्रेलर को खाली करवाने पर पुलिस को रॉयल चैलेंज, ब्लू स्टोक, ऑल सीजन, रॉयल स्टेज, ब्लेंडर प्राइड, वैट 69 और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों के कुल 1861 कार्टन मिले. ये सभी बोतलें और पव्वे फॉर सेल इन पंजाब एवं चंडीगढ़ मार्क के थे. पुलिस ने शराब के साथ प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुनाथ (27), निवासी सीतारामपुरा, थाना नरैना, जिला जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है.
​तस्करी के नए पैंतरों पर पुलिस का कड़ा प्रहार
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए शराब को कूलर, दवाइयों, सब्जियों के कैरेट, जैविक खाद की बाल्टियों और यहाँ तक कि गद्दों के नीचे छिपाकर ले जाने जैसे नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. हालांकि, जिला पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते इन मंसूबों पर पानी फिर रहा है. ऑपरेशन स्वच्छता के तहत अब तक पुलिस ने 800 से अधिक प्रकरण दर्ज किए हैं और 100 से ज्यादा वाहनों के साथ करीब 13.50 करोड़ रुपये की अवैध शराब जब्त कर तस्करों की कमर तोड़ दी है.

close