अस्थि-विसर्जन के बीच मातम: तालाब में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत, आज हुआ पोस्टमार्टम

सीधी: जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. परिवार में पहले से पसरे दुख के माहौल के बीच यह हादसा और भी दर्दनाक बन गया. पुलिस चौकी पथरौला अंतर्गत ग्राम सिलवार में फूलमती देवी मंदिर के पास बने तालाब में नहाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. गुरुवार को युवक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
जानकारी के अनुसार, मृतक तेजभान साहू उर्फ संजू (22) पिता देवराज साहू, अपनी चाची के निधन के बाद अस्थि-विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने परिवार सहित तालाब पहुंचा था. ग्रामीणों ने बताया कि चाची की मृत्यु चार दिन पहले हुई थी और तीसरे दिन की रस्म के तहत अस्थियां उठाने करीब 100 से अधिक लोग एकत्रित हुए थे. कार्यक्रम के दौरान तेजभान अन्य परिजनों के साथ तालाब में स्नान करने उतरा, तभी अचानक वह गहरे पानी की ओर चला गया.
मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया. कई लोग तालाब में कूदे, लेकिन तेजभान का कोई सुराग नहीं लग सका. स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद SDERF (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पांस फोर्स) की टीम को बुलाया गया.
SDERF की टीम ने कड़ी मशक्कत और करीब तीन घंटे की सर्चिंग के बाद देर शाम युवक का शव तालाब से बाहर निकाला. पुलिस ने स्थल पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मड़वास भेजा. गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न हुई.
मड़वास थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. इस दोहरी त्रासदी से साहू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.










