तेज रफ्तार का कहर! 9 बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

औरंगाबाद : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कामा बीघा से जीवा बीघा जाने वाली सड़क में भोरा बीघा गांव के समीप बुधवार की रात्रि एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी रामनारायण यादव के 40 वर्षीय पुत्र सुदामा यादव के रूप में हुई है.
रात्रि साढ़े नौ बजे सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुदामा किराना दुकान चलाता था और अपने दुकान के समीप ही खड़ा था. तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया.
स्थानीय लोग एवं परिजनों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही सुदाना की पत्नी कविता देवी पछाड़ खाकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई.दस वर्षीय इकलौता पुत्र भैरव कुमार सहित अन्य परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल था. यह दृश्य देखकर सदर अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों की भी आँखे नम हो गई.
हालांकि साथ रहे परिजनों ने परिवार वालों को समझा बूझकर शांत किया. लेकिन दुख की इस घड़ी में सभी बेबस थे. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से पिकअप को चालक सहित पकड़ लिया गया और डायल 112 पुलिस टीम को सुपुर्द किया गया.
मौके पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के हवाले कर दिया. घटना के बाद से भोरा बीघा गांव में मातम सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन तो रोकर बेहाल है.
परिजनों बताया कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता संतान था.परिवार में पिता और पत्नी सहित आठ पुत्रियां व एक पुत्र है, जिसमें तीन पुत्रियां विवाहित हैं। वह गांव में ही किराना दुकान चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। सुदामा की मौत के बाद परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट गया.
साथ ही साथ जीविकोपार्जन की भी समस्या उत्पन्न हो गई. परिजनों ने सरकारी प्रावधान के तहत मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है.ताकि इस विषम परिस्थिति में उक्त राशि कुछ राहत प्रदान कर सके.











