शादी से किया इन्कार तो प्रेमी के घर पहुंची युवती, उठाया खौफनाक कदम

इटावा:- जिले के भरथना कस्बे में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंजाम सामने आया है.शादी से साफ इन्कार किए जाने से आहत 22 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी के घर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया.गंभीर हालत में उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
मूल रूप से इकदिल की रहने वाली और वर्तमान में भरथना में रह रही युवती का करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से ब्रजराज नगर निवासी एक युवक से संपर्क हुआ था.बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. युवती का आरोप है कि युवक लगातार उससे शादी का वादा करता रहा और उसी भरोसे पर वह उसके साथ संबंध में रही.
बताया जा रहा है कि बीती रात फोन पर हुई बातचीत के दौरान युवती ने विवाह को लेकर दोबारा बात की, लेकिन युवक ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए शादी से साफ इन्कार कर दिया.इससे आहत युवती सीधे उसके घर पहुंच गई. वहां दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और हंगामा हुआ.इसी दौरान युवती ने घर के बाहर ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई.
पीड़िता का कहना है कि उसने 10 फरवरी को थाने में प्रार्थना पत्र देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.युवती ने युवक और उसके परिवार पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और युवक की तलाश की जा रही है.