कुरुद में भीषण सड़क हादसा, हाईवा की टक्कर से कार चालक की दर्दनाक मौत; पुलिस ने दर्ज किया मामला

कुरूद: धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्योति राइस मिल के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से आ रही वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार चालक भारत भूषण राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे कुरूद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुरूद निवासी भारत भूषण राजपूत गुरुवार शाम को अपने निजी काम से वैगनआर कार (क्रमांक CG-04-ZB-3200) में सवार होकर ग्राम गाड़ाडीह गए थे. शाम करीब 6:30 बजे जब वे वापस अपने घर कुरूद लौट रहे थे, तभी ज्योति राइस मिल के पास यह हादसा हुआ.
सूर्य नमस्कार चौक की दिशा से आ रहे हाईवा (क्रमांक CG-05-AL-9584) के चालक ने वाहन को अत्यंत लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए कार को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और भारत भूषण के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतक के भाई आशीष पवार ने कुरूद थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराएं- 184 (LKS), 106 (1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है. वहीं इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति पर आक्रोश व्यक्त किया है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.