औरंगाबाद: एनएच-19 पर ट्रैक्टर-ट्रेलर व बाइक की भीषण टक्कर, एक की मौत; 6 से अधिक घायल

औरंगाबाद: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शहर से सटे जसोइया मोड़ के समीप ट्रैक्टर, टेलर व बाइक की जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी. वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान झारखंड राज्य के गुमला जिला अंतर्गत अमलिया बजिया टोली निवासी घोड़िया उरांव के पुत्र लच्छू राव के रूप में हुई है.
वहीं घायलों में ट्रैक्टर सवार झारखंड के लोहरदग्गा निवासी रामचरण महतो के पुत्र बिमल कुमार महतो, रिसियप थाना क्षेत्र के सनथुआ गांव निवासी अमित रविरंजन राम के पुत्र रोहित कुमार, बाइक सवार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी सुभाष भारती के पुत्र नंदकिशोर भारती, पत्नी रेखा कुमारी, बारुण प्रखंड के बकतरपा गांव निवासी प्रकाश कुमार की पत्नी पूजा कुमारी, भाई सत्यम कुमार, बारुण प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी रीना कुमारी व भाई गुड्डू कुमार सहित अन्य शामिल है. घटना शुक्रवार की दोपहर की बताई जा रही है.
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ट्रैक्टर सवार घायल रोहित कुमार ने बताया कि वह सनथुआ गांव स्थित एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर पर ईंट लादकर औरंगाबाद शहर के फार्म के आसपास पहुंचाने गया था. ईंट पहुंचाने के बाद वह वापस भट्टे पर लौट रहा था. जैसे ही जसोईया मोड स्थित एलआईसी ऑफिस के समीप पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया. टेलर की टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए. इसी दौरान टेलर के पीछे से आ रहे दो बाइक भी टकरा गया और उस पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
यूं कहें कि ट्रैक्टर,ट्रेलर और बाइक की भीषण टक्कर में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही. स्थानीय लोगों ने किसी तरह ट्रैक्टर के नीचे दबे लच्छू व अन्य लोगों को बाहर निकाला. दुर्घटना इतनी भयावत थी कि दोनों बाइक ट्रेलर में बुरी तरह से फस गया और उसी के नीचे दबकर तीन महिला सहित सभी लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने सभी को निकाल कर आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. पता चला कि सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने ट्रैक्टर सवार लच्छू का नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायलों का इलाज किया गया.
इधर घटना की सूचना पर सभी घायलों के परिजन बारी-बारी से सदर अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों का हाल जाना. इसके बाद आगे की इलाज की प्रक्रिया में जुट गए. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने रीना की स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घायल पूजा कुमारी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पूजा के मायके बहुआरा गांव में उसके भाभी का प्रसव के बाद मासूम बच्चें की मौत हो गई थी. मासूम की मौत के बाद वह ढाढस बंधाने अपनी मायके गई थी.
पता चला की पूजा के ससुराल में देवर का विवाह होना था. पूजा अपनी भाभी रेखा कुमारी, भाई नंदकिशोर, सत्यम व मासूम भांजे के साथ बाइक पर सवार होकर बकतरपा गांव जा रही थी. जैसे ही वह जसोइया मोड़ स्थित एलआईसी ऑफिस के समीप पहुंची, तभी अनियंत्रित ट्रेलर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दिया. इस दौरान बाइक संभल नही सका और सभी लोग टेलर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद संबंधित थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई. पुलिस ने ट्रैक्टर, ट्रेलर और दो बाइक को जब्त कर लिया. इधर अस्पताल कर्मियों द्वारा घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई.
सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मृतक लच्छू के शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है. इधर जब सभी घायल एक साथ सदर अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति रही. हालांकि स्वास्थ्य कर्मियों की सूझबूझ से सभी घायलों का बेहतर इलाज किया गया.
ड्यूटी में तैनात डॉ जमुना प्रसाद व अभिषेक कुमार सिंह ने सभी घायलों का इलाज किया. डॉक्टर अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. वही एक मौत भी हुई है. सभी घायलों का इलाज किया गया है. कुछ घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि जसोईया मोड़ के समीप दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार युवक की मौत हुई है. वही आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं.
घटना के सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. फिलहाल ट्रैक्टर, बाइक और टेलर को जब्त कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.