पंजाब में बीजेपी को झटका, अरविंद खन्ना अकाली दल में शामिल, सुखबीर सिंह बादल ने किया स्वाग

पंजाब में बीजेपी को झटका लगा है. पार्टी के नेता अरविंद खन्ना रविवार (15 जनवरी) को शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए. उन्होंने संगरूर में पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में शिरोमणि अकाली दल का दामन थामा. अरविंद खन्ना पंजाब बीजेपी के उपाध्यक्ष थे.

जानकारी के मुताबिक शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल विवार को संगरूर स्थित अरविंद खन्ना के घर पहुंचे और उन्हें अकाली दल में शामिल किया.सुखबीर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने खन्ना के SAD में शामिल होने पर खुशी जाहिर की है.

सुखबीर सिंह बादल ने जताई खुशी

पोस्ट में सुखबीर सिंह बादल ने कहा ‘मुझे वरिष्ठ बीजेपी नेता, दो बार के विधायक और मेरे मित्र अरविंद खन्ना का शिरोमणि अकाली दल में स्वागत करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है और मैं उन्हें संगरूर विधानसभा क्षेत्र का हल्का प्रभारी नियुक्त करता हूं.खन्ना दो दशकों से अधिक समय से संगरूर की सेवा कर रहे हैं और उनके नेतृत्व वाली उम्मीद फाउंडेशन के तहत विभिन्न सामाजिक पहलों को क्रियान्वित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है’.

इसके आगे बादल ने कहा ‘मुझे विश्वास है कि अरविंद खन्ना का अकाली दल में शामिल होना संगरूर जिले में पार्टी को और मजबूत करेगा. मैं उन्हें उनके नए कार्यभार में सफलता की कामना करता हूं.

‘सभी को सम्मान और जिम्मेदारियां मिलेंगी’

उन्होंने कहा ‘मैं बीजेपी जिला अध्यक्ष धर्मिंदर सिंह दुल्लत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष हरबंस सिंह गरचा और बीजेपी एवं कांग्रेस के उन सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी स्वागत करता हूं जो श्री खन्ना के साथ एसएडी में शामिल हो रहे हैं. पार्टी में उन सभी को सम्मान और जिम्मेदारियां मिलेंगी.

कौन हैं अरविंद खन्ना

कांग्रेस के पूर्व विधायक और व्यवसायी अरविंद खन्ना जनवरी 2022 में बीजेपी में शामिल हुए थे. वो 2002 में संगरूर विधानसभा क्षेत्र और 2012 में धुरी सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे. खन्ना ने 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव संगरूर संसदीय क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर लड़े थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी.

close