सीधी: ट्रक को बचाने के चक्कर में ऑटो पलटा, 12 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर

सीधी: सीधी जिले में एक सड़क हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। हनुमानगढ़ से जोबा जा रहा एक ऑटो पड़रा बाईपास पर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना रविवार दोपहर 1 बजे की है.
ट्रक से बचने की कोशिश में हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक से बचने की कोशिश में हादसा हुआ। ऑटो चालक ने ट्रक से बचने के लिए वाहन को पटरी के नीचे उतारा, जहां वह सड़क किनारे पड़े एक पत्थर से टकराकर पलट गया.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया.
भगवान भोलेनाथ के मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री
ऑटो में सवार सभी 12 यात्री ग्राम हनुमानगढ़ के निवासी थे और जोबा के पास स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों में सीमा गोस्वामी, प्रिया गोस्वामी, कुसुम कली, प्रेमवती, राजकुमारी, सुधा, भगवानदीन, रेशमी, अनुष्का गोस्वामी, कीर्ति गोस्वामी सहित दो अन्य शामिल हैं.
सभी घायलों को इलाज के लिए सीधी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में डॉ. विनोद और डॉ. आकाश ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया.
ऑटो के अनियंत्रित होने से हादसा
जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा ऑटो के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.