गाजीपुर: SBI की मुख्य शाखा में जालसाजी का बड़ा मामला, बैंक मैनेजर पर मामला दबाने का आरोप

गाजीपुर: जनपद के मिश्र बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बैंक कर्मियों ने एक जालसाज को दूसरे के खाते से अवैध रूप से पैसा निकालते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. हालांकि, चौंकाने वाली बात यह रही कि बैंक प्रबंधन ने इस गंभीर आपराधिक मामले की जानकारी पुलिस को देने के बजाय इसे आपसी समझौते के जरिए ‘सेटल’ करने की कोशिश की.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक बैंक में किसी अन्य व्यक्ति के खाते से पैसे निकालने की फिराक में था. संदेह होने पर बैंक कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया. पूछताछ और जांच में पता चला कि यह वही जालसाज है जिसने पूर्व में भी इसी शाखा से दूसरे के खाते से ₹1,02,000 की अवैध निकासी की थी.
सूत्रों की बात माने तो पूर्व में जब एक लाख से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था, तब बैंक की साख बचाने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए कर्मचारियों ने कथित तौर पर अपनी सैलरी से उस राशि की भरपाई की थी. उस समय भी मामले को उच्चाधिकारियों या पुलिस तक नहीं पहुंचने दिया गया था.
मंगलवार को फिर वही जालसाज गिरफ्त में आया, लेकिन बैंक मैनेजर ने पुलिस को सूचना देने के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की. घंटों बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस को इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई.
इस घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. ग्राहकों के मन में अपनी जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता देखी जा रही है.