यूपी में तमंचे के बल पर बैंक मित्र से 90 हजार की लूट, मारपीट कर फरार हुए बदमाश; जांच में जुटी पुलिस

अमेठी: बाजार शुकुल थाना नीमपुर नहर के पास मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक बैंक मित्र से 90 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, पूरे देवी तिवारी गांव निवासी राम सिंह यादव बैंक ऑफ बड़ौदा की जगदीशपुर शाखा से संबद्ध बैंक मित्र हैं.
वह बाजार शुकुल क्षेत्र के दारानगर गांव में बीसी सेंटर संचालित करते हैं. मंगलवार शाम केंद्र बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे. बताया जाता है कि जैसे ही वह नीमपुर नहर के पास पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया. बदमाशों ने तमंचा तानकर उनके हाथ में पकड़ा बैग छीन लिया.
धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से की मारपीट
बैग में करीब 90 हजार रुपये रखे थे. विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की. इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया. घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की.
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही
क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.











