उत्तर प्रदेश: अमेठी में बाग में मिली 10वीं की छात्रा की लाश, पेपर देने जाने के लिए घर से निकली थी…

अमेठी: गौरीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को 10वीं की एक छात्रा का शव बाग में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्रा सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन दोपहर बाद उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के बाबू जी का पुरवा मजरे मऊ गांव निवासी ओम प्रकाश की पुत्री अंतिमा हाईस्कूल की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र गौरीगंज स्थित जीजीआईसी में बनाया गया था. बुधवार सुबह वह साइकिल से परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन परीक्षा से लौटकर घर नहीं पहुंची.
दोपहर बाद ओरीपुर स्थित एक बाग में स्थानीय लोगों ने उसका शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.











