आबकारी विभाग का सिपाही भेजा गया जेल, तिलकोत्सव कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान साथी सिपाही हुआ था घायल

सुल्तानपुर: जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव में तिलकोत्सव समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना के आरोपी आबकारी सिपाही को मंगलवार शाम मोतिगरपुर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया था. आज बुधवार को आरोपी सिपाही को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

मालूम हो कि सोमवार रात तिलकोत्सव समारोह के दौरान रायबरेली में तैनात आबकारी विभाग के सिपाही सुरेंद्र कुमार यादव द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से की गई हर्ष फायरिंग में उनके ही साथी सिपाही विनीत मिश्र (36) गंभीर रूप से घायल हो गए थे. गोली विनीत के पेट में लगी थी. उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है.

घटना के संबंध में मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र की शिकायत पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा संख्या 048/2026, बीएनएस की धारा 109, 7 सीएलए एक्ट, 25(1बी)(9)/30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र और कांस्टेबल सुनील यादव ने मंगलवार शाम आरोपी सुरेंद्र यादव को लखनऊ-बलिया हाईवे स्थित कैथवारा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया.

उसके कब्जे से .32 बोर की ऑटोमेटिक पिस्टल (वेबली एंड स्कॉट, मेड इन इंडिया) बरामद की गई है, जिसका लाइसेंस प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र के शान्तिपुरम पते से जारी बताया गया है. पुलिस ने बरामद पिस्टल को बैलिस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है. घटनास्थल से खोखा बरामद नहीं हुआ है, जिसकी भी जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close