औरंगाबाद: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

औरंगाबाद: पेड़ से लटका एक युवक का शव देव पुलिस ने बरामद किया गया है. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मामला थाना क्षेत्र के बेलसारा टोले भुइयां बिगहा की है. मृतक की पहचान देव थाना क्षेत्र के अजब बिगहा महुआ दोहर गांव निवासी स्व. मुनारीक भुइयां के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रंजीत की शादी दो वर्ष पूर्व बेलसारा गांव में हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है. वह तीन भाइयों और तीन बहनों में से एक था.
बताया गया है कि रंजीत का ससुराल बेलसारा गांव के भुइंया बिगहा टोले में है और वह इन दिनों ससुराल आया हुआ था. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने तथा शव को पेड़ से लटका देने का गंभीर आरोप लगाया है. सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष कुमार सौरभ सहित अन्य पुलिसकर्मी ने धनियावाली बगीचा के तालाब के पास से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिजनों का आरोप है कि रंजीत और उसकी पत्नी के बीच पूर्व से ही विवाद चल रहा था. मृतक के पिता की लगभग 15 दिन पूर्व ही मृत्यु हुई थी. पिता के श्राद्ध कर्म के बाद उसकी पत्नी ने फोन कर उसे ससुराल बुलाया था. परिजनों का कहना है कि साजिश के तहत बुलाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया. मृतक के बड़े भाई जितेंद्र भुइयां, प्रमोद भुइयां सहित अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है. मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद सामने आएगी. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.











