मैहर: पूर्व सरपंच के बेटे की संदिग्ध मौत; हार्डवेयर दुकान में फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मैहर : कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरदासपुर में बुधवार रात उस वक्त तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक 26 वर्षीय युवक का शव उसकी अपनी दुकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला.मृतक की पहचान देवेश सिंह (26), पिता सुखेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो कि पूर्व सरपंच के पुत्र थे.घटना के बाद से ही परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है.

संपर्क न होने पर मौके पर पहुंचे परिजन, तब हुआ खुलासा

देवेश सिंह सरलानगर मार्ग पर अपनी हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे. बुधवार को वे सामान्य दिनों की तरह दुकान पर गए थे, लेकिन शाम को जब परिजनों ने उन्हें फोन किया तो उनका कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका होने पर रात करीब 8:30 बजे परिवार का एक सदस्य दुकान पहुंचा, जहाँ देवेश का शव सीलिंग फैन के हुक से लटका हुआ पाया गया.

पुरानी रंजिश और हत्या का अंदेशा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसी दौरान मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते देवेश की हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया.

पुलिस की कार्रवाई: घटनास्थल सील, फोरेंसिक जांच का इंतजार

परिजनों के भारी विरोध और हत्या के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बरती है.
घटनास्थल सील: साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए पुलिस ने रात में ही दुकान को सील कर दिया.फोरेंसिक टीम: पुलिस के अनुसार, गुरुवार को फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में ही शव को फंदे से उतारा जाएगा और पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी. सीसीटीवी फुटेज: पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के फुटेज खंगाल रही है ताकि मौत के असली कारणों और संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके.

क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
पूर्व सरपंच के बेटे की इस तरह हुई मौत से हरदासपुर और आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि यह आत्महत्या है या कोई सोची-समझी साजिश.

close