लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में 3 वर्षीय बच्ची की मौत

लखीमपुर खीरी: महेवागंज के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में पलिया हाइवे के गोपालापुर गाँव के पास बृहस्पतिवार रात बाइक और कार की टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार दंपति की तीन वर्षीय बेटी की मौके पर मौत हो गई. वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस के मुताबिक, फरधान थाना क्षेत्र के अग्गर बुजुर्ग गांव निवासी मो उमर परिवार के साथ बृहस्पतिवार को शिवालापुरवा गांव में रिश्तेदारी में गए थे. रात करीब नौ बजे पत्नी और तीन वर्षीय बेटी अशरा के साथ वह कार से घर वापस जा रहे थे. फूलबेहड़ के गोपालापुर गाँव के निकट सीतापुर के सहनियापुर (क्योंटीकलां ) निवासी अतुल वर्मा बाइक समेत कार में टकरा गए.
भीषण टक्कर में बाइक चालक अतुल और कार में मां की गोद में बैठी आशरा (3) गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में मृत बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
गनीमत रही कि एयर बैग खुलने से कार चालक और महिला को मामूली चोटें आई है. बाइक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया है.











