The Kerala Story 2 Controversy: ‘द केरला स्टोरी 2’ को CM पिनाराई विजयन ने बताया नफरती फिल्म, प्रोड्यूसर बोले- उन्हें पीड़ितों की फिक्र नहीं

The Kerala Story 2 Controversy: रिलीज़ से पहले ही विपुल अमृतलाल शाह की ‘द केरला स्टोरी 2’ विवादों में घिर गई है. फिल्म 27 फरवरी को सिनेमघरों में आएगी, उससे पहले ही केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने फिल्म पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे नफरती फिल्म बताया है. सीएम के बयान पर विपुल अमृतलाल शाह ने रिएक्शन दिया है.

The Kerala Story 2: विपुल अमृतलाल शाह की ‘द केरला स्टोरी 2’ को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने नफरत फैलाने वाली फिल्म बताया है. सीएम विजयन ने कहा कि पहले पार्ट ने कैसे झूठ और सांप्रदायिक एजेंडा फैलाया, वो हमने देखा. उन्होंने कहा कि इस बार भी केरल सेक्युलर ताने-बाने को तोड़ने की इस कोशिश को नकार देगा. वहीं सीएम के बयान पर फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने भी रिएक्शन दिया है. उन्होंने कहा कि ये दुख की बात है कि मुख्यमंत्री की ही पीड़ितों की फिक्र नहीं है.

सीएम विजयन ने गुरुवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “नफरत फैलाने वाली फिल्म द केरला स्टोरी 2 के रिलीज़ की रिपोर्ट्स को गंभीरता से लेना चाहिए. पहले पार्ट के सांप्रदायिक एजेंडा और झूठ को पहले ही देखा गया है, केरल एक बार फिर इस सेक्युलर ताने-बाने को तोड़ने की इस कोशिश को नकारेगा. ये बेहद हैरान करता है कि कैसे सांप्रदायिकता को भड़काने के मकसद से बनाई गई मनगढ़ंत कहानियों को खुली छूट मिल जाती है, जबकि कला की आलोचनात्मक बातों पर रोक लगा दी जाती है.”

सीएम ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “हमारी एकता की जमीन को आतंक का अड्डा बताने वाली इन कोशिशों के खिलाफ हमें एक होकर खड़े होने की जरूरत है. सच की हमेशा जीत होती है.” सीएम के इस पोस्ट पर विपुल अमृतलाल शाह ने तीखी प्रतिक्रिया दी.

क्या बोले ‘द केरला स्टोरी 2’ के प्रोड्यूसर

टीवी9 डिजिटल से बात करते हुए वो कहते हैं, “ये दुखी करने वाला है कि राज्य के सीएम को ही पीड़ितों की फिक्र नहीं है और वो राजनीति में शामिल हैं. उन्हें इन अपराधियों के खिलाफ सख्त होना चाहिए और लड़कियों की हिफाजत करनी चाहिए. हमने 32000 के वीडियो सामने रखे, लेकिन उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया. ये बेहद दुख की बात है. हमें अपनी लड़कियों की रक्षा करनी होगी.

फिल्म को लेकर हो रही इन आलोचनाओं को कैसे संभालेंगे? इस सवाल पर विपुल अमृतलाल शाह कहते हैं, “आलोचना मुझे प्रेरणा देती है इसलिए मैं इससे परेशान नहीं होता हूं. मैं चाहता हूं कि सभी पैरेंट्स और लड़कियां इसे देखें. मुझे यकीन है कि ये उनकी आंखें खोल देगा.”

क्या है ‘द केरला स्टोरी 2’ की कहानी और कौन कौन होंगे इसमें?

द केरला स्टोरी के पार्ट 1 का निर्देशन जहां सुदिप्तो सेन ने किया था, वहीं इसके दूसरे पार्ट का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है. फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिती भाटिया और ऐश्वर्या ओझा लीड रोल में हैं. इसमें दिखाया गया है कि कैसे मुस्लिम लड़के इन गैर मुस्लिम लड़कियों को अपने प्यार के जाल में फंसाते हैं और फिर उनकी जिंदगी बर्बाद कर देते हैं. फिल्म को लेकर ट्रेलर आने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया है. अब सीएम ने भी इसपर सवाल उठाए हैं. फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

close