औरंगाबाद :जंगल से भटका हाथी आबादी में पहुंचा, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

औरंगाबाद :जंगल से भटका हाथी गुरुवार की सुबह कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र में तेलहारा गांव के समीप देखा गया जिसे भी खबर मिली वह हाथी देखने के लिए भागा चला आया. हाथी के आगे पीछे लोगों की हूजूम इकट्ठा हो गई. बधार होते हुए हाथी जब अंबा बाजार के सघन आबादी वाले इलाके में पहुंचा तो लोगों में डर का माहौल देखा गया.
परंतु किसी को नुकसान पहुंचाए बिना वह बतरे नदी पारकर पश्चिम दिशा की ओर चल पड़ा. स्थानीय प्रशासन लगातार माइक से चेतावनी जारी कर आम लोगों को सतर्क करते रहे. वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रही थी. लोगों की माने तो हाथी देव प्रखंड की ओर से कुटुंबा प्रखंड के जीवा बिगहा से पश्चिम की ओर आया था. हाथी जीवा बिगहा, तेलहारा, हंड़िया, गुलाब बिगहा, देवची बिगहा, अंबा, चिल्हकी बिगहा, चिल्हकी, छेदारी बिगहा, लभरी, रसलपुर होते हुए पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है.
वन विभाग की टीम एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन लोगों को जागरूक करने में लगी हुई है और बच्चों बूढ़ों को घर से न निकलने की सलाह दे रहे हैं. हाथी ने अब तक किसी भी नागरिकों का नुकसान नहीं पहुंचाया है. यदाकदा केले के पेड़, स्ट्रॉबेरी, अरहर, सब्जी, गेहूं तथा रबी फसल को आंशिक नुकसान पहुंचाता हुआ दिखा. स्थानीय प्रशासन ने बताया कि भीड़ के कारण हाथी को झारखंड की ओर ले जाने में असफल रहे हैं.
वन विभाग की टीम पटाखे और मसाला की मदद से हाथी को झारखंड क्षेत्र की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है. वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि लोगों की भीड़ लापरवाही के कारण हाथी बेकाबू हो सकता है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया है कि वे हाथी से दूर रहें और हाथी को झारखंड की ओर जाने के लिए सुरक्षित रास्ता दें. प्रशासन लगातार हाथी पर नजर बनाए हुए है.











