सिद्धार्थनगर: दो दिन से लापता बुजुर्ग का तालाब किनारे मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़-बढ़नी हाईवे के पास स्थित सुभाष नगर मोहल्ले में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों में एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान 75 वर्षीय राममिलन चौधरी के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से घर से लापता थे.
खेत जाने की बात कहकर निकले थे घर से
सुभाष नगर निवासी राममिलन चौधरी मंगलवार को परिजनों से खेत की तरफ जाने की बात कहकर निकले थे. जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी और बेटी ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लगा. परिजनों ने बताया कि राममिलन को कम दिखाई देता था और चलने-फिरने में भी काफी कठिनाई होती थी.
चरवाहों ने दी जानकारी
गुरुवार सुबह मेढ़वा क्षेत्र के पास तालाब किनारे कुछ चरवाहे पहुंचे थे. झाड़ियों के बीच शव देख उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर उनकी पहचान की. शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस की शुरुआती जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि:
मृतक एक पैर से दिव्यांग थे.
अंदेशा है कि शौच के दौरान या भटकने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर तालाब की ओर जा गिरे.
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है.











