उत्तर प्रदेश: अमेठी में अवैध संबंध के विवाद में विवाहिता की मौत, पति समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज

अमेठी: थाना क्षेत्र के पूरे रामदीन गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. परिजनों ने पति पर अवैध संबंधों के विवाद में बिजली का करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार गांव की रहने वाली चेतना की शादी वर्ष 2014 में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के लोहरता स्थित पूरे शिव गुलाम निवासी उमाकांत शुक्ला से हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद उमाकांत प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक बन गया. दंपति का एक छह वर्षीय बेटा भी है. मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उमाकांत चेतना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था.
शिक्षामित्र से कई वर्षों से था संबंध
परिजनों के मुताबिक, उमाकांत का जामो ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षामित्र से कई वर्षों से संबंध था. चेतना इस संबंध का विरोध करती थी और इसकी जानकारी अपने मायके पक्ष को भी दी थी. आरोप है कि इसी विवाद के चलते पति ने उसे पूरे शरीर में करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया.
मृतका के पिता कृष्ण कुमार पांडे ने बताया कि शादी के समय उमाकांत शिक्षक नहीं था, लेकिन नौकरी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और शिक्षामित्र से संबंधों को लेकर घर में विवाद बढ़ता गया.
पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है.











