इंदौर में सोने में निवेश का झांसा देकर साढ़े तीन करोड़ ठगने वाले भाई-बहन गिरफ्तार

सोने में निवेश कर करोड़ों रुपये कमाने का झांसा देकर साढ़े तीन करोड़ रुपये ठगने वाले भाई बहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित एफआइआर दर्ज होने के बाद मथुरा-वृंदावन में अलग अलग जगहों पर फरारी काट रहे थे। पुलिस बैंक खातों की जांच कर रही है। रुपये फर्जी खातों के जरिए ट्रांसफर करवाए गए है।
एडिशनल डीसीपी(अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक अंकित बजाज निवासी बिचौली मर्दाना की शिकायत पर आरोपित पूजा शर्मा और उसके भाई शुभम शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था।
अंकित का ऑटो मोबाइल का व्यवसाय है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने सराफा में विशेष ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी की फर्म खोली थी।
आरोपित शुभम और पूजा ने सोना में निवेश करने और सस्ता सोना खरीदने का झांसा देकर अंकित से 3 करोड़ 50 लाख रुपये जमा करवा लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने झांसेबाजी की और दुकान बंद कर फरार हो गए।
बुधवार को निरीक्षक माधव भदौरिया की टीम ने आरोपितों को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। भदौरिया के अनुसार आरोपितों के मोबाइल,बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच चल रही है।











