मुरैना पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 8 थानों के प्रभारी बदले, एसपी समीर सौरभ ने संभाला मोर्चा

झूठी शिकायत लेकर कैलारस थाने में जाना और पुलिस से एफआईआर दर्ज कराने मांग करना मुसीबत को न्योता देने जैसा होगा, क्योंकि कैलारस के नए टीआई सतेंद्र कुशवाह को झूठी शिकायत करने वाले लोग कतई पसंद नहीं हैं। पुलिस का समय बर्बाद करने के एवज में मिथ्या रिपोर्ट करने वालों का वह अच्छी खैर-खबर लेते हैं, इसी पद्धति से काम करते हुए उन्होंने अंबाह में फर्जी शिकायतों पर प्रभावी तरीके से लगाम लगाई थी।
थानों के काम-काज में चुस्ती लाने के लिए पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने गुरुवार सुबह जारी आदेश में आठ थानों के प्रभारियों की पदस्थापनाओं में फेरबदल किया है। अंबाह के निरीक्षक सतेंद्र कुशवाह को कैलारस की टीआइ बनाया है। कैलारस में पदस्थ टीआई वीरेश कुशवाह को अंबाह के नगर निरीक्षक के रूप में पदस्थ किया है। पुलिस लाइन में पदस्थ इंसपेक्टर ओपी रावत के खिलाफ कंपू थाने में दर्ज मुकदमा निपट जाने के बाद उनको स्टेशन रोड थाने का प्रभारी नियुक्त किया है।
माताबसैया थाना प्रभारी अरुण कुशवाह को कोतवाली लाया गया है। कोतवाली में पदस्थ एसआई अतुल सिंह परिहार को सिहौनियां थाने की कमान सौंपी गई है। थाना स्टेशन रोड में पदस्थ एसआइ विवेक तोमर को पहली बार थाना देकर उनको माताबसैया का थाना प्रभारी बनाया है। एसआई तोमर पेचीदे अपराधों में दबिश देकर अपराधियों को पकड़ने की मास्टरी रखते हैं। रामपुर थाना प्रभारी राममंत्र गुप्ता को उनकी पारिवारिक समस्याओं के चलते रामपुर से थाना स्टेशन रोड लाया गया है।
स्टेशन रोड टीआई कुलदीप राजपूत को पुलिस लाइन भेजा है। सहायक उप निरीक्षक रणवीर सिंह सिकरवार को मिरघान चौकी का प्रभारी बनाया है। ऐसा बताया जा रहा है कि अभी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पदस्थानाओं में फेरबदल की एक लिस्ट और आने वाली है। इस लिस्ट में थाना चिन्नौनी के लिए छह पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के अलावा अन्य थानों के फोर्स को इधर से उधर किया जा सकता है।











