MP विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने छोड़ा पद, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा पत्र, निजी कारणों का दिया हवाला

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने इस पद से त्यागपत्र दे दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे पत्र में उन्होंने इसका कारण निर्वाचन क्षेत्र पर ध्यान न दे पाना, पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी को बताया। इस पर निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद करेंगे। बता दें, हेमंत कटारे भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं।
जातीय समीकरण साधने के लिए मिली थी जिम्मेदारी
कांग्रेस ने उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष बनाकर जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ओबीसी वर्ग से आते हैं और उमंग सिंघार आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। संतुलन के लिए सवर्ण वर्ग से हेमंत कटारे को अवसर दिया था। हेमंत कटारे ने त्यागपत्र में यह भी लिखा है कि संगठन जिसे भी यह पद देगा, उसका वह पूर्ण सहयोग करेंगे।
कांग्रेस संगठन ने की इस्तीफे की पुष्टि
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि यह केवल विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष से संबंधित है न कि पार्टी की सदस्यता से है। वे कांग्रेस के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ रहेंगे।











