अमेठी में पुलिस और गोकश की मुठभेड़, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली; 6 साथी गिरफ्तार

अमेठी: जिले के इन्हौना थाना क्षेत्र में पुलिस और गोकश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें शातिर आरोपी जुनैद अहमद के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने उसके छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, करनगांव में हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहे जुनैद अहमद के क्षेत्र में होने की सूचना पुलिस को मिली. इसके बाद इन्हौना पुलिस ने गन्दनाला–सेमरौता मार्ग पर घेराबंदी की. मौके पर बैकअप के लिए जायस और मोहनगंज थाने की पुलिस भी बुलाई गई.

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख जुनैद ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से उसके छह अन्य साथियों को गिरफ्तार किया, जो उसके साथ मिलकर गोकशी की घटनाओं को अंजाम देते थे.

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ इन्हौना थाना क्षेत्र के गन्दनाला–सेमरौता मार्ग पर हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी घायल हुआ और अब पूरे मामले में विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है.

close