छत्तीसगढ़: ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी कचरे के ढेर में भीषण आग, पास में खड़ी कार जलकर खाक

कटघोरा: कटघोरा थाना अंतर्गत मीरा टॉकीज वार्ड क्रमांक 7, अंबिकापुर रोड, कटघोरा में देर रात करीब 1 बजे ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से जमा कचरे के ढेर ने आग को और भड़का दिया. देखते ही देखते कचरा धू-धू कर जलने लगा और आग ने पास खड़ी एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. कार के जलने से इलाके में हड़कंप मच गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारियों के कारण नीचे रखे कचरे में आग लगी और फिर वह तेजी से फैल गई. ट्रांसफार्मर के पास दुकान के बाहर खड़ी कार कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई. आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए. बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के पास करीब आधा दर्जन से अधिक दुकानें हैं, जो इस आग की चपेट में आ सकती थीं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो सकता था.
लोगों और व्यापारियों में बिजली विभाग और नगर पालिका के खिलाफ भारी आक्रोश
आगजनी की घटना के बाद पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई. घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों में बिजली विभाग और नगर पालिका के खिलाफ भारी आक्रोश है.
विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य में जुटी हुई है
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के नीचे जमा कचरे को हटाने के लिए नगर पालिका कटघोरा को पहले भी पत्र लिखा गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. यदि समय रहते सफाई कर दी जाती तो इस हादसे को टाला जा सकता था. फिलहाल विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य में जुटी हुई है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.











