उत्तर प्रदेश: रायबरेली में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव: मचा हड़कंप

रायबरेली: यूपी के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में आज सुबह गांव के बाहर स्थित एक बाग में पेड़ से लटके प्रेमी युगल के शव लटकते हुए मिले. सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही पेड़ो पर लटक रहे दोनों शवों पर पड़ी,पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतकों की शिनाख्त दोहरी गांव निवासी शिव बहादुर (26) और खदरी गांव की युवती (25) के रूप में हुई है.
पुलिस द्वारा घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. घटनास्थल खदरी गांव से लगभग तीन किलोमीटर तथा दोहरी गांव से एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर है. सुबह जब लोग शौच के लिए बाग की ओर गए थे,तभी उन्होंने पेड़ से लटके दो शव देखे. देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और कुछ ही समय में सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को हटाया और जांच पड़ताल शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
बताया जा रहा है कि परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे और विवाह को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। चर्चा है कि पारिवारिक विरोध के चलते दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. लेकिन, पुलिस हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. पुलिस कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को फंदे से लटकाया गया है,इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं.
इंस्पेक्टर विंध्य विनय रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है और सभी एंगल पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है.










