शराब के सैंपल जांचने जबलपुर, भोपाल और इंदौर में बनेंगी प्रयोगशालाएं

जबलपुर। मध्य प्रदेश में लागू नई आबकारी नीति के तहत जबलपुर, भोपाल और इंदौर में शराब के सैंपलों को जांचने के लिए प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। अब तक जांच अलग-अलग जगह करानी होती थी। रिपोर्ट मिलने में देरी और सैंपलों से छेड़छाड़ की आशंका भी बनी रहती थी।

आबकारी विभाग प्रयोगशाला के लिए जल्द जगह चिह्नित करेगा। नीति में प्रदेश में बनने वाली शराब की देश और विदेश तक प्रचार करने खास आयोजन या विशेष स्थानों पर इनके सैंपल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। नई प्रयोगशालाएं आबकारी विभाग के प्रत्यक्ष नियंत्रण में संचालित होंगी।

अवैध शराब से मौत के बाद लिया निर्णय

प्रदेश के कई शहरों में विषाक्त शराब से होने वाली घटनाएं या मौत को देखते हुए प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। जांच से अवैध शराब के निर्माण व परिवहन पर रोक लगेगी और राजस्व में भी बढ़ोतरी संभव है।

जबलपुर के सहायक आयुक्त संजीव दुबे ने बताया कि आबकारी नीति में शराब की गुणवत्ता जांचने के लिए जबलपुर में भी आधुनिक प्रयोगशाला बनाने का निर्णय लिया है। अब तक अधिकांश सैंपल ग्वालियर भेजे जाते थे या स्थानीय स्तर पर एक लैब में जांच कराई जाती थी।

close