अमेठी : शादी में फिल्मी अंदाज में लूट, दूल्हे के पिता का नकदी भरा बैग छीनकर फरार

अमेठी : कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के पिता से नकदी से भरा बैग छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूट के 47,400 रुपये, हैंड बैग, वादी का आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है.

जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी की रात कस्बा स्थित अमर मैरिज लॉन में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर करनाईपुर निवासी पूर्व शासकीय अधिवक्ता रंगनाथ मिश्रा के बेटे की बारात आई थी.बारात के दौरान भीड़-भाड़ और नाच-गाने के बीच एक युवक ने रंगनाथ मिश्रा को धक्का देकर उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया.

इसके बाद वह पास में बाइक लेकर खड़े अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया.बैग में करीब एक लाख रुपये रखे थे.घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी अमेठी के नेतृत्व में थाना अमेठी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP 36 C 8655) सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन कुमार चौहान (19) निवासी तुलापुर कोडरी मजरे नुवांवा, सिराजुद्दीन उर्फ लकी (19) और धीरज (20) निवासी लोनियापुर के रूप में हुई है.तलाशी के दौरान सचिन के पास से 13,000 रुपये, सिराजुद्दीन के पास से 14,000 रुपये तथा एक हैंड बैग जिसमें 8,400 रुपये और वादी का आधार कार्ड मिला.वहीं धीरज के पास से 12,000 रुपये बरामद हुए.कुल मिलाकर पुलिस ने 47,400 रुपये बरामद किए हैं.

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों शादी समारोह में शामिल हुए थे और भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया.लूट की रकम आपस में बांट ली गई थी, जिसमें से कुछ रुपये खर्च कर दिए गए थे.पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 42/26 धारा 309(4) व 317(2) बीएनएस तथा मोटरसाइकिल के संबंध में धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close