कोरबा में आधी रात वन विभाग की बड़ी रेड, लाखों की साल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त

कोरबा : कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन के विरुद्ध वन विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई.शनिवार 21 फरवरी की देर रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजस्व क्षेत्र में काटी गई साल प्रजाति की लकड़ी का परिवहन ट्रक के माध्यम से किया जा रहा है.

सूचना पर वनमंडलाधिकारी के निर्देशानुसार एक विशेष टीम गठित की गई.उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी, सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की.

रात्रि लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में वनोपज परिवहन करते वाहन का पीछा किया गया.रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी जाने के बाद वाहन चालक ट्रक को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। मौके पर ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 नग लट्ठे बरामद किए गए, जिसकी मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर आंकी गई है.जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है, जबकि ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है.

वन विभाग द्वारा ट्रक क्रमांक एमपी17 एचएच 3677 को जब्त कर वन अपराध प्रकरण कायम किया गया है.वाहन को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत जब्त कर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया है.

कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है.वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close