धमतरी का स्कूल कांड: बच्चों के जख्मों पर छिड़ी ‘सियासत’: कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्राकर ने साय सरकार को घेरा

धमतरी/कुरुद: धमतरी जिले अंतर्गत दहदहा माध्यमिक शाला के 35 मासूमों द्वारा सामूहिक रूप से हाथ चीरने की भयावह घटना अब पूरी तरह से राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो चुकी है। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इस संवेदनशील मुद्दे को लपकते हुए जिला प्रशासन और प्रदेश की भाजपा (साय) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रशासन की जांच प्रक्रिया को “दिखावा” करार देते हुए तीखे हमले किए हैं.
श्रीमती चंद्राकर ने बेहद कड़े लहजे में कहा कि बच्चों का ब्लेड और कांटों से हाथ काटना किसी सामान्य घटना का संकेत नहीं, बल्कि प्रशासनिक फेल्योर का प्रमाण है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की साय सरकार युवाओं और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस नेता ने सवाल दागा कि “क्या स्कूलों तक नशा पहुँचाना ही सरकार की उपलब्धि है?”
उन्होंने प्रशासन पर मामले को दबाने और अपनी विफलता छुपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच में हो रही लेटलतीफी यह बताती है कि तंत्र दोषियों को बचाने में जुटा है। चंद्राकर ने चेताया कि यदि नशाखोरी और मोबाइल गेमिंग जैसे गंभीर कारणों पर पर्दा डाला गया, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। इस बयानबाजी ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है, जिससे क्षेत्र में सियासी उबाल आ गया है.











