उत्तर प्रदेश: पुलिस की लापरवाही! मेडिकल के दौरान हिरासत से फरार हुआ आरोपी

अमेठी: जामो थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा एक अभियुक्त पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई और अभियुक्त की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार जामो थाना क्षेत्र के धनेपुर मौजा परसरामपुर निवासी सत्यम सिंह पुत्र राजबक्श सिंह को पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर चालान किया था. चालान के बाद दो पुलिसकर्मी उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जामो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जा रहे थे.
पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े लेकिन वह हाथ नहीं आया
इसी दौरान मौका पाकर सत्यम सिंह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. अभियुक्त के भागते ही दोनों पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े, लेकिन वह हाथ नहीं आया. इसके बाद तत्काल घटना की सूचना थाने पर दी गई.
क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई
सूचना मिलते ही जामो थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और कस्बे सहित आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है.
घटना के करीब दो घंटे बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी थी. पुलिस की इस लापरवाही से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार प्रयास में जुटी हुई हैं.











