उत्तर प्रदेश: अमेठी के टेंट कारोबारी के बेटे की गला रेतकर नृशंस हत्या, नाले में मिला शव; हुआ था प्रेम विवाह

अमेठी : जिले के बाजार शुकुल कस्बे में एक युवक की हत्या कर शव नाले में फेंक दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
कस्बा निवासी शरीफ टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं.उन्होंने बताया कि उनका 32 वर्षीय बेटा साहिद सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा.इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया, मगर कोई सुराग नहीं मिला.
मंगलवार सुबह कस्बे के पास स्थित एक नाले में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली.मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान साहिद के रूप में की.सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस के अनुसार शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं.आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहले पिटाई की गई और उसके बाद हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया.मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
परिजनों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले साहिद ने पूरे लोहागी मजरे दक्खिन निवासी नियाजुद्दीन की पुत्री सबीहा से प्रेम विवाह किया था.
दोनों घर छोड़कर मुंबई चले गए थे, बाद में पारिवारिक सहमति के बाद वापस कस्बे में रहने लगे.पुलिस इस मामले में पुराने विवाद सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है.पिता शरीफ ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है.क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है तथा संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं.घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.











