उत्तर प्रदेश: रायबरेली वालों के लिए खुशखबरी! अब गांव में ही बनेंगे आधार कार्ड, नहीं लगाने पड़ेंगे शहर के चक्कर

रायबरेली: ग्रामीणों के लिए एक अच्छी खबर है. अब आधार कार्ड बनवाने के लिए गांव के लोगों को यहां-वहां भटकना नहीं पड़ेगा. जल्द ही उन्हें गांव के पंचायत सचिवालय में आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने की सुविधा मिलेगी. जिला पंचायती राज विभाग ने इसकी कवायद शुरू कर दी है.
ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए शहरों या तहसील मुख्यालय तक जाना पड़ता था. बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह कार्य बहुत कठिन हो जाता था. लेकिन अब गांवों में ही उन्हें आधार बनवाने व संशोधन करवाने की सुविधा मुहैया कराने की पहल की गई है. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीणों की सुविधाओं को देखते हुए जिले के 980 पंचायतों में यह सुविधा दिए जाने की कवायद शुरू की जा रही है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण से हरी झंडी मिलने के बाद ग्राम पंचायतों के सचिवालयों में आधार केंद्र खोले जाएंगे. इससे ग्रामीणों को सुविधाएं तो मिलेंगी ही, साथ ही पंचायत की आय में भी बढ़ोतरी होगी.फिलहाल इससे पहले पंचायत सहायकों को यूआईडीएआई द्वारा प्रशिक्षण की शुरूआत की जाएगी. फिर आधार कार्ड केंद्र ग्राम सचिवालय में स्थापित किए जाएंगे.
ग्रामीणों को होती थी ये समस्याएं
अक्सर ग्रामीणों को सुबह-सुबह मुख्य डाकघर या बैंक जाकर टोकन लेना पड़ता था.
निर्धारित तिथि पर लौटकर सुधार करवाना पड़ता था, जिससे लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता.
बुजुर्ग और बच्चे भी इस प्रक्रिया में शामिल होते थे, जिससे उन्हें अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता था.
छोटे-मोटे सुधार के लिए भी शहर भागना पड़ता था, जो समय, पैसा और ऊर्जा की बर्बादी का कारण बनता था.
ग्रामीणों के लिए फायदेमंद
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को लंबी कतारों और शहर के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं रहेगी.
ये योजना ग्रामीण जीवन को सरल बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव में ही पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
क्या बोले रायबरेली DPRO
जिला पंचायत राज अधिकारी शौम्यशील सिंह ने बताया कि जिले के 980 ग्राम पंचायतों में आधार केंद्र खोलने की तैयारी शुरू हो गई है. आधार केंद्रों का संचालन ग्राम पंचायत सहायकों द्वारा किया जाएगा. पंचायत सहायकों को यूआईडीएआई द्वारा प्रशिक्षण की शुरूआत जल्द ही की जाएगी. इसके बाद आधार कार्ड केंद्र ग्राम सचिवालय में स्थापित किए जाएंगे.











