उत्तर प्रदेश: स्कूल निकली तीन छात्राएं संदिग्ध हालात में लापता, परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट

बरेली: बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. एक ही इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली तीन नाबालिग छात्राएं सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय छात्रा, जो कक्षा 11 की छात्रा है, सोमवार सुबह करीब 9:20 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. आरोप है कि वह स्कूल न जाकर अपनी दो सहेलियों के साथ एक अन्य सहेली के घर पहुंच गई.
परिजनों के मुताबिक तीनों छात्राओं ने वहां कपड़े बदले और इसके बाद कहीं अन्य स्थान के लिए निकल गईं. शाम तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास व रिश्तेदारों में तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला.
पहले भी जा चुकी हैं बिना बताए
परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब तीन माह पूर्व भी तीनों छात्राएं बिना बताए घर से चली गई थीं, हालांकि उस समय वे स्कूल की छुट्टी तक वापस लौट आई थीं. इस बार देर रात तक घर न लौटने से परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
मीरगंज पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है. मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है.
थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें छात्राओं की बरामदगी के लिए सक्रिय हैं। जल्द ही छात्राओं का पता लगा लिया जाएगा.











