उत्तर प्रदेश: पुलिस ने जंगल में चल रही कच्ची शराब की भट्टी पकड़ी, एक गिरफ्तार

बरेली: अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मीरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने छापेमारी कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो जंगल में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने का काला कारोबार कर रहा था. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में लहन नष्ट कर शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं.
जानकारी के अनुसार, थाना मीरगंज पुलिस को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि परचवा के जंगलों में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब तैयार की जा रही है। इस सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उप-निरीक्षक पंकज कुमार (चौकी प्रभारी कस्बा मीरगंज) ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक व्यक्ति को धर दबोचा.
मौके से लहन और शराब बरामद
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान भोले सिंह पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी ग्राम सैजना (मजरा परचवा), थाना मीरगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से:
10 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की.
करीब 200 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट किया गया.
शराब बनाने वाली भट्टी और अन्य उपकरण जब्त किए गए.
एक अन्य आरोपी फरार
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी रामकिशोर पुत्र मुरारीलाल मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है. गिरफ्तार अभियुक्त भोले सिंह का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं.
इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ थाना मीरगंज में मु0अ0सं0 0083/2026 धारा 60 (2) EX Act के तहत मामला पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है.











