बांसी: वीआईपी क्षेत्र में चोरों का तांडव, एसडीएम-सीओ आवास के सामने दुकान से लाखों की चोरी

सिद्धार्थनगर: बांसी में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने एसडीएम और सीओ आवास के ठीक सामने स्थित एक बड़ी किराना दुकान को निशाना बनाया है. घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है, जहाँ चोरों ने नगर पालिका अध्यक्ष के पूर्व प्रत्याशी व व्यापारी विष्णु जायसवाल उर्फ सोनू जायसवाल की दुकान से करीब 100 ग्राम सोना और सवा किलो चांदी पार कर दी.
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, उनका घर और दुकान एक ही परिसर में स्थित हैं. मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए. दुकान के भीतर छानबीन करने पर पता चला कि चोरों ने 50-50 ग्राम के सोने के दो बिस्कुट, सवा किलो चांदी, एक मोबाइल फोन और सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर लिया है. हालांकि, पास ही रखी आधा किलो चांदी की एक सिल्ली चोरों की नजर से बच गई.
व्यापारियों में भारी आक्रोश, बाजार बंद
अति सुरक्षित क्षेत्र (VIP Zone) में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बांसी कोतवाली का घेराव किया और जमकर प्रदर्शन किया. विरोध स्वरूप बाजार की कई दुकानें बंद रहीं, जिससे व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं.
पुलिस की सक्रियता पर सवाल
गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में बांसी में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले 21 फरवरी की रात कोतवाली से महज 200 मीटर दूर ‘काका बेकर्स’ में छत तोड़कर चोरी की गई थी. लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है.











