मैहर में बड़ी कार्रवाई: 27 किलो गांजा और 221 शीशी कफ सिरप जब्त, कार समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मैहर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत मैहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप जब्त की है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 किलो से अधिक गांजा, 221 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप तथा तस्करी में प्रयुक्त डस्टर कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है.

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की डस्टर कार में अवैध मादक पदार्थ ले जाए जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामवन पथ गमन रोड स्थित जीतनगर मोड़ के पुल के नीचे सर्विस रोड पर घेराबंदी की. घेराबंदी के दौरान क्रमांक MP19CC3342 की काले रंग की डस्टर कार को रोककर तलाशी ली गई.

27.2 किलो गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

वाहन की डिग्गी से कुल 27.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है. इसके अलावा कार से 221 शीशी कोडीन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप भी बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपए आंकी गई है. तस्करी में प्रयुक्त डस्टर कार (अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए) को भी जब्त कर लिया गया. इस प्रकार पुलिस ने कुल मिलाकर लगभग 12 लाख 75 हजार रुपए मूल्य का माल बरामद किया है.

तीन आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम खैरा (मैहर) निवासी सुरेंद्र उर्फ रामनरेश पटेल, नागौद थाना क्षेत्र (सतना) के पोडी निवासी अंकुश जायसवाल, मैहर के पोडी निवासी अमन कुशवाहा शामिल हैं. मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ रामनरेश पटेल के विरुद्ध पूर्व में मैहर एवं सिविल लाइन सतना थानों में जुआ एक्ट, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है.

इन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 8, 20, 21, 22, 29 तथा मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थों की खेप कहां से लाई गई और किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थी.

नशे के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

close