बिहार: सुपौल में एक साथ चार आभूषण की दुकानों से चोरी, लाखों के जेवर-नकदी पार

सुपौल: सदर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है. ताजा मामला सुपौल शहर के महावीर चौक के समीप का है, जहां चोरों ने एक ही रात में चार अलग-अलग आभूषण दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
जानकारी के अनुसार, चोरों ने अरुण ठाकुर ज्वेलर्स, ओम ज्वेलर्स, अंबे ज्वेलर्स राज और विकी ज्वेलर्स में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सभी दुकानें महावीर चौक के आसपास स्थित हैं, जिससे इलाके के व्यापारियों में दहशत फैल गई है.
बताया जा रहा है कि अरुण ठाकुर ज्वेलर्स के प्रोपराइटर राजा कुमार, अंबे ज्वेलर्स के प्रोपराइटर अजीत कुमार ठाकुर, ओम ज्वेलर्स के प्रोपराइटर विकास कुमार ठाकुर और राज विकी ज्वेलर्स के प्रोपराइटर अरविंद कुमार ठाकुर ने चोरी की घटना पर गहरी चिंता जताई है. दुकानदारों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से व्यापार करना मुश्किल होता जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार की रात भी सदर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान से करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई थी. लगातार दूसरी बड़ी वारदात के बाद व्यवसायी वर्ग में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
इधर, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल दुकानदारों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी. इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.











