दोस्तों ने बीयर पिलाकर किया गैंगरेप, एक गिरफ्तार, MP के छिंदवाड़ा की घटना

छिंदवाड़ा। शहर में 23 साल की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती ने बताया कि आरोपित युवक पार्टी के बहाने अलका टाकीज के पास अंबर होटल ले गए। वहां उसे बीयर पिलाई। नशे की हालत का फायदा उठाकर दोनों ने बारी-बारी से रेप किया।
कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा फरार है। घटना सोमवार देर रात की है। मामले में मंगलवार को प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी युवती की एक परिचित को लगी तो वह होटल पहुंची। युवती को अपने साथ कोतवाली थाने ले गई।
उस समय युवती अत्याधिक नशे में थी, जिसके कारण पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी। प्राथमिक इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को मेडिकल टेस्ट के बाद पुलिस ने दुर्गेश हरोड़े और अतुल घोरसे के खिलाफ केस दर्ज किया। दुर्गेश को पकड़ लिया है, जबकि अतुल फरार है।
पीड़िता की मदद करने वाली सरिता कनौजिया ने बताया कि उन्हें पीड़िता के भाई का फोन आया था, जिसने उनसे मदद मांगी थी। इसलिए वह युवती के साथ शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन गईं। पुलिस इंस्पेक्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि केस दर्ज कर लिया जाएगा, जिसके बाद वह घर लौट आईं।
सरिता ने बताया कि मुलताई के रहने वाले युवक अपनी कार की सर्विसिंग कराने छिंदवाड़ा आए थे। वे लड़की से इंस्टाग्राम के जरिए मिले थे, जहां वे पहले भी मिले थे। इस बार युवक उसे एक होटल में ले गए।
उसे नशा देकर गैंगरेप किया। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार के अनुसार, युवती और दोनों आरोपितों के बीच पहले से परिचय था।
इसी आधार पर युवती उनके साथ पार्टी के लिए गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।