रीवा: सिरमौर में आसमान से उतरी बारात, हेलिकॉप्टर से आए दूल्हे को देखने उमड़ा जनसैलाब

रीवा: मध्य प्रदेश के सिरमौर जिले विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों एक शादी पूरे विंध्य इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. आधुनिकता और राजसी ठाट-बाट के इस दौर में, जवा तहसील के ग्राम बरौहा निवासी अमित सिंह बघेल ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए सड़क मार्ग के बजाय आसमान का रास्ता चुना. 25 फरवरी को जब दूल्हा हेलिकॉप्टर से अपनी ससुराल पहुँचा, तो नजारा देखने लायक था.

पेशे से पुणे में कंपनी संचालक अमित सिंह बघेल का विवाह ग्राम जतरी निवासी रिया सिंह चौहान के साथ संपन्न हुआ है. अमित सिंह ने बताया कि हेलिकॉप्टर से बारात ले जाने की योजना अचानक बनी। उनके पिता की इच्छा थी कि क्षेत्र में कुछ ऐसा अनोखा आयोजन हो जो मिसाल बन जाए.

इसी सपने को पूरा करने के लिए लखनऊ से विशेष रूप से हेलिकॉप्टर बुक किया गया, जिस पर लाखों रुपए खर्च किए गए हैं.

“यह हमारे क्षेत्र की पहली ऐसी बारात है, लेकिन मैं चाहता हूँ कि यह आखिरी न हो- दूल्हे अमित सिंह

जैसे ही हेलिकॉप्टर के लैंड होने की खबर आसपास के गाँवों में फैली, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का हुजूम उमड़ पड़ा. सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डभौरा थाना पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. ग्रामीणों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं था. दूल्हे अमित सिंह ने क्षेत्रवासियों को संदेश देते हुए कहा, “यह हमारे क्षेत्र की पहली ऐसी बारात है, लेकिन मैं चाहता हूँ कि यह आखिरी न हो. लोग प्रगति करें और ऐसे नवाचार करते रहें.”

26 फरवरी की सुबह 10 बजे दुल्हन की विदाई भी हेलिकॉप्टर के जरिए ही संपन्न हुई

तकनीकी कारणों और पायलट की सुविधा के मद्देनजर, हेलिकॉप्टर ने बुधवार रात प्रयागराज (इलाहाबाद) में नाइट हाल्ट किया. जानकारी के अनुसार, आज यानी 26 फरवरी की सुबह 10 बजे दुल्हन की विदाई भी हेलिकॉप्टर के जरिए ही संपन्न हुई. सिरमौर के इतिहास में इसे अब तक की सबसे अनोखी और खर्चीली शादियों में से एक माना जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close