आईपीओ में मुनाफे का लालच देकर वेंडर से 9.5 लाख की साइबर ठगी

इंदौर में साइबर अपराधियों ने आईपीओ में निवेश कर कई गुना मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक टेलिकॉम वेंडर से साढ़े नौ लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सुदामा नगर निवासी नितेश पोरवाल, जो टेलिकॉम वेंडर हैं, को 20 दिसंबर 2025 को फेसबुक पर एक लिंक प्राप्त हुई। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें कुछ अंतरराष्ट्रीय नंबर भी शामिल थे। इसके बाद आरोपितों ने एक मोबाइल एप इंस्टॉल करवाई।

ग्रुप में मोहन पाटिल नाम से जुड़ा व्यक्ति शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का दावा करता था। 14 जनवरी को नितेश ने 50 हजार रुपये निवेश कर अपनी आईडी बनाई। इसके बाद आरोपितों ने अलग-अलग चरणों में सात बार में कुल 12 लाख रुपये जमा करवा लिए।

नितेश ने प्रारंभ में तीन लाख रुपये निकाल लिए, लेकिन बाद में करीब साढ़े तीन लाख रुपये फंस गए। जब और राशि जमा करने का दबाव बनाया गया, तब उन्हें ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग किया था।

इसी तरह एरोड्रम थाना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के एएसआई शौकत खान से भी 1.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। 22 जनवरी को उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर निवेश का झांसा दिया गया और राशि ट्रांसफर करवा ली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर साइबर ठगों की तलाश कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close