बहराइच में पुलिस हिरासत में हुई व्यापारी की मौत, परिजनों ने लगाया पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव में पुलिस के द्वारा पकड़ कर लाए गए आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मौत के बाद हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि व्यापारी रामगोपाल नाम के आरोपी को रामगांव की पुलिस नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पकड़ कर लाई थी और पूछताछ कर रही थी.
मृतक रामगोपाल के परिजनों का आरोप है कि थाने में लेकर जाने के बाद पुलिस ने बेरहमी से मारा-पीटा है. इसके बाद रामगोपाल की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. वहीं पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि रेप के आरोप में आरोपी को थाने पकड़ कर लाया गया था और उससे पूछताछ की जा रही थी. इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ी.
परिजन बोले- पुलिस की पिटाई से ही हुई है मौत
इसकी परिजनों को सूचना देने के बाद आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रामगोपाल की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि पुलिस के द्वारा की गई पिटाई से ही रामगोपाल की मौत हुई है.
थानाध्यक्ष, सिपाही सहित अज्ञात पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज
हालांकि इस मामले में पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष, सिपाही पवन यादव सहित अज्ञात पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. मृतक रामगोपाल के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी कि रामगोपाल की मौत कैसे हुई है?